Ira Web Patrika
फरवरी 2026 अंक पर आपका हार्दिक अभिनन्दन है। यह अंक श्रद्धेय गोविन्द गुलशन की स्मृतिओं को समर्पित है। आपकी अमूल्य प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा रहेगी।
शकुन अग्रवाल के सवैया छन्द

आ गया भव्य त्योहार होली पिया,खेलना आपके संग चाहूँ मैं।
घोल लो रंग भी साजना प्रीति का,खूब पक्का चढ़े रंग चाहूँ मैं।
देह के साथ में रंग जो चित्त दे, रंग का हो यही ढंग चाहूँ मैं।
डोर बाँधी पिया आपसे नेह की,गाँठ हो ये सदा तंग चाहूँ मैं।

आशा अमित नशीने के सवैया छन्द

बिन कंत तमी चुभती तन में,
खुशियाँ विरहाकुल से बाधित। 
दृग वाण लगें उर में रति के,
अनुराग असीमित है स्पंदित। 
प्रिय संगम से चिर यौवन है,
मधु स्पर्श परस्पर है अंकित। 
प्रिय का परिरम्भ सुवासित है,
गठबंधन से खुशियाँ पूरित। 

गरिमा सक्सेना के दोहे

तार-तार होती रही, फिर भी बनी सितार।
नारी ने हर पीर सह, बाँटा केवल प्यार।।

श्वेता राय के सवैया छन्द

अंग अनंग तरंग उठाकर प्रेम सुधा बिखरावत नैना।
मान बसे मनुहार लिए उर चैन चुराय रिझावत नैना।