Ira Web Patrika
फरवरी 2026 अंक पर आपका हार्दिक अभिनन्दन है। यह अंक श्रद्धेय गोविन्द गुलशन की स्मृतिओं को समर्पित है। आपकी अमूल्य प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा रहेगी।

वो जो शायरी को इबादत समझते थे- तरुणा मिश्रा

वो जो शायरी को इबादत समझते थे- तरुणा मिश्रा

वो शख़्स जिसने शायरी को फ़न नहीं, इबादत की तरह जिया, जिसकी हर दाद से हौसले को परवाज़ मिलती थी, जो उस्ताद कम, रहबर और साया ज़्यादा थे, जिनकी महफ़िलों में लफ़्ज़ भी महकते थे और दिल भी, गोविंद गुलशन सिर्फ़ नाम नहीं, हमारी अदबी रूह का हिस्सा हैं।


मोहतरम गोविंद गुलशन जी से मेरी पहली मुलाक़ात, साल 2013 में हुई थी। मैंने उसी साल अपने बेटे के मेडिकल कॉलेज में सेलेक्शन के बाद निशस्तों में शिरकत करना शुरू किया था। उनके साथ पहली मुलाक़ात के दिन ही उनकी संजीदा शायरी और दिल-आवेज़ तरन्नुम ने मुझ पर ये तो ज़ाहिर कर दिया था कि वो कोई आम शख़्स नहीं हैं।

उसके बाद तो तक़रीबन ग़ाज़ियाबाद में होने वाली हर गोष्ठी और निशस्त में उनको सुनने का मौक़ा मिलने लगा और ये मालूमात भी हुई कि वो स्वर्गीय कृष्ण बिहारी 'नूर' साहब के शागिर्द हैं। उनसे ग़ज़ल पर थोड़ी बहुत बातें भी होने लगीं। यदा-कदा उनकी दाद मिल जाती थी और मुझे उस दिन ऐसा लगता था कि जैसे मैं ज़मीन से 2 इंच ऊपर उठ गयी हूँ।

उसी दौरान 2016 में मेरे एक शेर पर उन्होंने भरपूर दाद भी दी और बताया कि गहवारा-ए-ग़ज़ल नाम से उनका एक व्हाट्सएप ग्रुप है और यदि मैं चाहूँ तो उसमें शामिल हो जाऊँ, उन्होंने कहा आपको ग़ज़ल कहना आ गया है, मैं चाहता हूँ कि 'क्या नहीं कहना है' वो भी आप सीखें। उनका एक शेर है-

क़रीब जाने से चलता है शख़्सियत का पता
ज़मीं  से  चाँद  ज़रा-सा  दिखाई  देता  है

और वाक़ई उस ग्रुप में शामिल होने के बाद उनकी शख़्सियत की बहुत सारी पर्तें मुझ पर खुलने लगीं। वो रवायती शायरी के अलमबरदार थे। कृष्णबिहारी 'नूर' साहब की शायरी के रूहे-रवां थे। उस्तादे मोहतरम जनाब गोविंद गुलशन साहब ने तक़रीबन हर मौज़ू पर शेर कहा है, जब भी कुछ नया कहती तो वो उसे ध्यान से सुनते और उसी मफ़हूम पर अपना एक शेर ज़रूर सुनाते। मैंने उन लम्हात को मन में संजोकर रख लिया था और आज भी उनकी यादों की ख़ुशबू मेरे मन को महका देती है। उनके साथ मुशायरों और निशस्तों के लिए बहुत सारे सफ़र भी किये और सफ़र के दौरान भी शेर-ओ-शायरी का दौर चलता ही रहता था, शायद उन अस्फ़ार की ही वज्ह से मैंने भी सफ़र पर कई शेर कहे हैं, अच्छा शेर सुनते ही अपने बटुये से जो नोट भी हाथ में आ जाये, वो देना सर कभी नहीं भूलते थे।

8 नवंबर को 'नूर' साहब की यौमे-विलादत होती है, उस दिन वो ज़्यादातर अपने उस्ताद को ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश करने के लिए निशस्त रखते थे और उस वक़्फ़े के दौरान 'नूर' साहब से जुड़ी छोटी से छोटी बातें हम सबसे साँझा करते थे, यही नहीं गुलशन सर अपने हाथों से बेहद लज़ीज़ व्यंजन बनाते थे और अपने मुअज़्ज़िज़ मेहमानों को अपने हाथों से परोसते भी थे, उस वक़्त उनमें ग़ज़ब का उत्साह होता था जैसे कि एक बच्चे में, और यक़ीन मानिये उनके लज़ीज़ व्यंजनों में भी वही ज़ायक़ा होता था, जो उनकी ग़ज़लों में।

शायरी, खाना, खाने-खिलाने के शौक़ के अलावा उनको मौसीक़ी की भी गहरी समझ थी। बचपन से रात-रात भर अनूप शहर (जहाँ के वो रहने वाले थे) में होने वाले उर्स को सुनने की आदत ने शायद उनके इस शौक़ को और हवा दी। उन्होंने मौसीक़ी की बाक़ायदा कोई तालीम नहीं ली लेकिन अपने हारमोनियम पर वो हर गाने की धुन बड़ी आसानी से निकाल लेते थे, उन्होंने अपनी ग़ज़लों के लिए भी आपने कई नायाब तरन्नुम ईजाद किये थे।

एक और ख़ास बात उनमें थी, वो किसी को भी ऐसे ही शागिर्द नहीं बनाते थे। बिना सीखने और समझने की ललक, सलाहियत, इम्कान और मेहनत नहीं है तो वो शागिर्द नहीं बनाते थे। मेरे सामने की बात है, कई लोग उनके पास आते थे कि वो ग़ज़ल कहकर दे दें तो सर साफ़ इंकार कर देते थे। अगर शेर में कोई बात नहीं बनी तो वो दुबारा, तिबारा कहने के लिए बोलते थे और जब शेर हो जाता तो, पहला जुमला होता था- 'ये हुई न बात'।

उनकी ग़ज़लों जैसे ही उनका लिबास भी होता था। उन्हें बेहतरीन और चटख रंगों के कुर्ते पहनने का बहुत शौक़ था। उनकी हर बात कमाल की होती थी, चाहे वो सब्ज़ियाँ खरीदना हो या आम, एक-एक बात में उनकी नफ़ासत नज़र आती थी।

2018 में मेरी किताब लाने की तक़रीबन तैयारी थी लेकिन कुछ पारिवारिक कारणों से उस वक़्त वो किताब नहीं आ पाई, फिर कोरोना के दौर में मिलना-जुलना कम हो गया था मगर सर हर अच्छे-बुरे वक़्तों में हमेशा हमारे साथ खड़े रहे। 2018 में ही एक दिन चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि अब आपको इस्लाह की ज़रूरत नहीं है, आपको कभी भी कुछ पूछना हो तो मैं हमेशा रहूँगा लेकिन अब आप इस क़ाबिल हो गयी हैं कि बिना किसी को दिखाए आप अपनी ग़ज़लें पढ़ें और कहें, जैसे एक चिड़िया बच्चों को उड़ना सिखाकर पूरा आकाश खुला छोड़ देती है, वैसे ही सर भी करते थे।

2 नवंबर, 2024 को मेरा पहला शे'री मजमूआ आया और मुझे ख़ुशी है के उस्तादे मोहतरम और मशहूर और मारूफ़ शायर मोहतरम गोविंद गुलशन साहब के रहते हुए ये काम हो गया। बग़ैर उनकी सरपरस्ती के इस ख़्वाब को हक़ीक़त का रूप देना नामुमकिन था। ये उनका प्यार, आशीर्वाद और सरपरस्ती ही थी कि हम इसे अंजाम दे पाए। उनके जल्दी जाने से अदबी दुनिया में जो ख़ला पैदा हुई है, उसे भर पाना तो नामुमकिन है, मेयारी और रवायती शायरी में न तो उनका कोई जोड़ था और न होगा।

हम सबने तो शायरी को ज़िंदगी का एक अहम हिस्सा ही माना लेकिन उनके लिए शायरी पूजा थी, इबादत थी या यूँ कहिये कि ज़िंदगी ही थी, पिछले एक-दो सालों में उनको वो मक़बूलियत मिलनी भी शुरू हो गई थी, जिसके वो हक़दार थे। सर अभी आपको नहीं जाना था, अभी-अभी तो ईश्वर ने आपकी तपस्या का फल देना शुरू किया था, अभी तो हम सभी को आपके सरमाये की ज़रूरत थी। जिस अनूपशहर की तारीफ़ करते वक़्त उनकी आँखों में चमक आ जाती थी, वहीं उनका अंतिम संस्कार भी हुआ और वो पंच तत्व में विलीन हो गये, लेकिन हमारी बातों, यादों और ख़यालों से आप कभी दूर नहीं जा सकेंगें।

0 Total Review

Leave Your Review Here

रचनाकार परिचय

तरुणा मिश्रा

ईमेल : tarunamisra@gmail.com

निवास : गाज़ियाबाद (उत्तर प्रदेश)

 
जन्मतिथि-1 नवंबर,1966
जन्मस्थान- नैनीताल
लेखन विधा- ग़ज़ल
शिक्षा- MSc(physics), B Ed
सम्प्रति- व्यवसाय, स्वतंत्र लेखन 
प्रकाशन-अभी तक नहीं
सम्मान- विभिन्न संस्थाओं से अनेकों सम्मान
प्रसारण- दूरदर्शन, आकाशवाणी, News 18
पता- सेक्टर-106, शास्त्रीनगर, ग़ाज़ियाबाद
मोबाइल- 9810788909