Ira Web Patrika
जुलाई-सितंबर 2026 अंक पर आपका हार्दिक अभिनन्दन है। आपकी अमूल्य प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा रहेगी।

प्यारचंद शर्मा ‘साथी’ की क्षणिकाएँ

प्यारचंद शर्मा ‘साथी’ की क्षणिकाएँ

प्यारचंद शर्मा 'साथी' की क्षणिकाएँ जीवन, अभाव और दर्शन के गहरे क्षणों को पकड़ती हैं। पहली और छठी क्षणिका 'उस पार जाने' की विरह और अंतिम सत्य को मार्मिकता से कहती है। 'लौटते नहीं पथिक' में मृत्युबोध की शान्त स्वीकृति है। 'ग़रीब की झोंपड़ी' और 'रेत से अटी नदी' में सामाजिक यथार्थ और नियति की विडम्बना है। 'किताबें कभी बूढ़ी नहीं होतीं' में साहित्य का चिरन्तन मूल्य है। 'जुगनू' और 'धूप-छाँव' प्रतीकों में अंतस के आलोक और सत्ता के एकाधिकार पर टिप्पणी है। क्षणिकाओं की शैली और भाषा पाठक से जुड़ाव बनाती है। बिम्ब प्रभावी और अर्थ-गर्भित हैं।

- डॉ० शैलेष गुप्त 'वीर'


1.

लोग जाते हैं
लौट आने के लिए
तुम क्या गये
अब तक नहीं लौटे
पथ पर बैठा
प्रतीक्षा का साया
अब सिमटने लगा है।


2.

बहती उद्दंड हवाएँ
थोड़ा-सा छप्पर उधेड़
आ बैठीं
ग़रीब की झोंपड़ी के द्वार
गातीं गीत रोटी का।


3.

किताबें रुलाती हैं तो
हँसाती भी
तब थी जो बातें
आज भी वैसी,
वही जिल्द, वही सफ्हे
किताबें कभी बूढ़ी नहीं होतीं।


4.

पर्याप्त हैं जुगनू दो-चार
या एक लौ दीपक की
बाहर के तिमिर निमित्त
तान सके तो तान
किरणों का एक शामियाना
अंतस में।


5.

बदली बहुत घनी थी
गरजी थी भारी,
हवा की राह
कुछ बूँदें बरसा निकल गयी
देखती रह गयी
रेत से अटी नदी।


6.

राह कभी ख़त्म नहीं होती
न ही सफ़र
बस,
लौटते नहीं पथिक
उस पार जाने के बाद।


7.

धूप चढ़ी
चढ़ती गयी
चढ़ बैठी शिखर
छाँव सिमट कर रह गयी
कोने में
महल की।


8.

एक-एक पत्थर
रोज़ सरकता नींव का
इमारत को पता ही नहीं
इक दिन
ढह जाएगी
नदी सारा पानी लेकर
बह जाएगी।

0 Total Review

Leave Your Review Here

रचनाकार परिचय

प्यारचंद शर्मा 'साथी'

ईमेल : sharmapyarchand123@gmail.com

निवास : भीलवाड़ा (राजस्थान)

जन्मतिथि- 22 जनवरी, 1946
जन्मस्थान- उदयपुर (राजस्थान)
शिक्षा- एम० एससी (वनस्पति शास्त्र)
संप्रति- राजकीय महाविद्यालय भीलवाड़ा से व्याख्याता पद से सेवानिवृत
प्रकाशन- कटी यात्रा (काव्य संग्रह) प्रकाशित।
वीणा, मधुमति, नवनीत, वातायन, बिंदु आदि पत्रिकाओं में प्रकाशन।
प्रसारण- आकाशवाणी के उदयपुर केंद्र से कविताओं का प्रसारण।
संपर्क- 3- इ -55, नया हाउसिंग बोर्ड, शास्त्री नगर, भीलवाड़ा (राजस्थान)
मोबाइल- 9468608462