Ira Web Patrika
फरवरी 2026 अंक पर आपका हार्दिक अभिनन्दन है। यह अंक श्रद्धेय गोविन्द गुलशन की स्मृतिओं को समर्पित है। आपकी अमूल्य प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा रहेगी।

सुमन सिंह चंदेल की कविताएँ

सुमन सिंह चंदेल की कविताएँ

रामायण के बीच रखा जाना सुहाएगा उन्हें
जब कोई लगाएगा माथे से
तो मिलेगा एक स्नेहिल स्पर्श भी

बुक मार्क- 1

अलमारी में बंद पड़ी पुस्तकों के बीच
बतियाते हैं बुक मार्क कभी-कभी
घुटता है दम
होते हैं उदास
पर डटे रहते हैं मोर्चे पर
पुस्तकों को खोले जाने की प्रतीक्षा में।

************


बुक मार्क- 2

पुस्तकों के बीच
रेशमी धागों से लटकाए गए बुक मार्क
सहेज दिए जाते हैं,
पुनः पुस्तकों के बीच
पढ़ने के बाद
और वो हो जाते हैं मौन
पुस्तकों के फिर खोले जाने तक।

************


बुक मार्क- 3

पुस्तकों में धागों से लटके बुक मार्क
छटपटाते हैं
अकुलाते हैं
होते हैं बेचैन
छूटना चाहते हैं धागे से
होना चाहते हैं मोर पंख

रामायण के बीच रखा जाना सुहाएगा उन्हें
जब कोई लगाएगा माथे से
तो मिलेगा एक स्नेहिल स्पर्श भी
और बतियाएँगे वे
बिन बोले ही...फिर।

************


बुक मार्क- 4

रामायण के बीच रखे मोर पंख
बुक मार्क ही होते थे तब भी
सहलाया जाता था प्रेम से उनको
बस कहलाते नहीं थे बुक मार्क।

************


बुक मार्क- 5

लिए थे नए-नए रूप
लगते हैं अब विद्रूप
फिर से मोर पंख होना चाहते हैं बुक मार्क।

************


बुक मार्क- 6

बुक मार्क होना भी कुछ कम नहीं
जब होते हैं पूर्ण समर्पित
यह भी प्रेम की पराकाष्ठा है
बने रहना मौन शब्दों के बीच।

************


बुक मार्क- 7

धूल से अटे हैं बुक मार्क
आन-बान-शान से
मोर्चे पर डटे हैं बुक मार्क
कभी तो खुलेंगी पुस्तकें।

2 Total Review

वसंत जमशेदपुरीसुंदर कविताएँ

20 January 2025

संवेदनशील रचनाएँ

संदीप तोमर

10 January 2025

सुन्दर लेखन, अच्छी कविताएँ

Leave Your Review Here

रचनाकार परिचय

सुमन सिंह चंदेल

ईमेल : chandelsuman143@gmail.com

निवास : मुज़फ़्फ़रनगर (उत्तरप्रदेश)

नाम- सुमन सिंह चंदेल
उपनाम- सुमन युगल 
पति का नाम- श्री युगल किशोर भारती
जन्मतिथि- 16 अप्रैल 1976
जन्मस्थान- मुज़फ़्फ़रनगर (उत्तरप्रदेश)
शिक्षा- एम० ए० (हिंदी), बी० एड
संप्रति- शिक्षिका एवं स्वतंत्र लेखन
प्रकाशन- विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित।
संपर्क- 252, लद्दावाला, कम्बल वाली गली, निकट चन्द्रा सिनेमा, मुज़फ़्फ़रनगर (उत्तरप्रदेश)- 251001
मोबाइल- 8126228658