Ira Web Patrika
इरा मासिक वेब पत्रिका पर आपका हार्दिक अभिनन्दन है। फ़रवरी 2025 के प्रेम विशेषांक पर आपकी प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा रहेगी।

वसंत जमशेदपुरी के दोहे

वसंत जमशेदपुरी के दोहे

पतझड़  ही आता सदा, लेकर सुखद वसंत।
सार समझ संसार का, दुख का होगा अंत।।

यौवन के आकाश में, सुरधनुषी उल्लास।
प्रणय-गंध ले बाँटती, मुट्ठी भर वातास।।



मेहँदी घिस कर ही रचे, ललनाओं के अंग।
बिना घिसे संसार में, कब जम पाए रंग।।

 


मेहँदी वाले हाथ में, दिखा गुलाबी फूल।
उसे मिलेगा फूल यह, जिस पर प्रभु अनुकूल।।

 


मेहँदी तुझ पर छिड़कतीं, ललनाएँ निज जान।
सब के हाथों शोभती, मेहँदी बड़ी महान।।

 


मुखपोथी संजीवनी, नव कवियों की जान।
नित्य नये संसार से, करवाती पहचान।।

 


पतझड़ ही आता सदा, लेकर सुखद वसंत।
सार समझ संसार का, दुख का होगा अंत।

 


झूठ, कपट, छल-छंद सब, नहीं किसी के मीत।
छोड़ो इनका साथ प्रिय, रखो सभी से प्रीत।।

 


शांति और सद्भाव से, हो जीवन का यत्न।
धारण अंतस में करो, परहित जैसा रत्न।।

 


बंद द्वार क्यों कर लिए, हे कामारि महेश।
चंद्रमौलि के दरश को, आए हम लोकेश।।

 


विघ्नविनाशक के पिता, शैलसुता के नाथ।
कार्तिकेय के हे जनक, धरो शीश पर हाथ।।

******************

0 Total Review

Leave Your Review Here

रचनाकार परिचय

वसंत जमशेदपुरी

ईमेल : mavasant1960@gmail.com

निवास : जमशेदपुर (झारखण्ड)

मूल नाम- मामचंद अग्रवाल
जन्मतिथि- 08 दिसंबर, 1957
जन्मस्थान- जमशेदपुर (झारखण्ड)
शिक्षा- आई० कॉम
लेखन विधाएँ- हिंदी, राजस्थानी एवं भोजपुरी में दोहा, मुक्तक, गीत, ग़ज़ल, मुक्त छंद, लघुकथा आदि
प्रकाशन- अँजुरी भर गीत (गीत संकलन), ससुराला (ससुराल पर मुक्तक), महकती हुई रात होगी (हिंदी ग़ज़ल संग्रह), मुट्ठी भर वातास (दोहा सतसई) प्रकाशित।
बाल-बाँसुरी, बिहार के बाल साहित्यकार, इंद्रधनुष, दोहा दर्शन, सुकवि पच्चीसी, त्रिवेणी, सूली ऊपर सेज, साक्षात्कार, आइने के सामने, सत्यम काव्य मेखला, काव्य गुंजना, अभिनव कुंडलिया, 55 हिन्दुस्तानी ग़ज़लें, लघुकथा शतक, करो रक्त का दान, हिंदी ग़ज़ल के साक्षी, कुण्डलिया शतक, आचमन, सँवरता बचपन आदि साझा प्रकाशनों में रचनाएँ प्रकाशित।
इनके अलावा देशभर की प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित।
संपादन- आह्वान, जय भारती, कुरजाँ, राजस्थान नवयुक संघ- मानगो की रजत जयंती एवं स्वर्ण जयंती स्मारिका
सम्मान- काव्य शास्त्री, कविवर बच्चन पाठक सलिल सम्मान, दोहा रत्न, मुक्तक शिरोमणि, मुक्तक समस्या-पूर्ति सम्मान, काव्य दिग्गज, दोहा सम्राट, रचनाकार सम्मान, गीत श्री, श्री साहित्य गौरव सम्मान, कलम की सुगंध- झारखंड गौरव सम्मान, रंग श्री सम्मान, भाई जी हनुमान प्रसाद पोद्दार सम्मान, सृजन साहित्य सम्मान, उषा देवी मरुधर साहित्य सम्मान, हिंदी साहित्य शिरोमणि आदि सम्मानों से विभूषित।
सहयोग प्रकाशन द्वारा आयोजित 'आओ बचपन सँवारें' बाल कविता लेखन में गीत 'आओ बच्चो भरें सिकोरा' को द्वितीय पुरस्कार।
संपर्क- सीमा वस्त्रालय, राजा मार्केट, डिमना रोड, मानगो बाज़ार, जमशेदपुर- 831012
मोबाइल- 9334805484