Ira Web Patrika
इरा मासिक वेब पत्रिका पर आपका हार्दिक अभिनन्दन है। फ़रवरी 2025 के प्रेम विशेषांक पर आपकी प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा रहेगी।

प्रियंका दुबे 'प्रबोधिनी' के छन्द

प्रियंका दुबे 'प्रबोधिनी' के छन्द

सरस्वती, सुभाषिनी विराजती सदा सुकंठ,
प्रार्थना करूं स्वरा स्वकंठ में समाइए।

घनाक्षरी छन्द

सरस्वती, सुभाषिनी विराजती सदा सुकंठ,
प्रार्थना करूं स्वरा स्वकंठ में समाइए।

आप शास्त्र विज्ञ हैं प्रदायिनी अमोल ज्ञान,
काव्य मार्ग अंधकार है घिरा मिटाइए।

लेखनी चले निरंतराल शब्द ज्ञान धार,
आप की कृपा मिले सदैव गेह आइए।

शारदे विनम्र भाव मांगती प्रबोधिनी कि,
जो अमर्त्य काल गान हो वही रचाइए।

******************

घनाक्षरी छन्द 

आ गया बसंत राग गा रहें विहंग खूब,
डाल-पात रोम-रोम हर्ष को बढ़ा रहे।

पुष्प हैं खिले सभी सुगन्ध प्रेम चित्त धार,
भृंग मुग्ध हो रहें खुमार को चढ़ा रहे।

आम्र बौर आ गया बिखेर गंध वायु संग,
रूप रंग को निखार यौवन मढ़ा रहे।

बिन्दु-बिन्दु प्रेम के विचार भाव मग्न खूब,
नैन-नैन संग पाठ नेह का पढ़ा रहे।

************

सवैया छन्द

कोयल कूक रही बगिया मन मोहक पुष्प सुगंध भरा है।
भोर समीर चले गति मंथर रक्तिम भानु लगे बिखरा है।

जाग रही जगती हृद हर्षित स्वर्ग सदृश्य सुरम्य धरा है।
नैन निहाल निहारत हैं सखि स्वर्णिम आभ धरा पसरा है।

******************

सवैया छन्द

संकट मोचन श्याम सुलोचन कुंचित केश मनोहर काया।
सुंदर बाल स्वरूप लगे प्रभु ज्यों कपि के उर देव समाया।।

जो भजते हनुमान महाप्रभु मोक्ष मिले मनु छूटत माया।
आप बसा रखिए हिय भीतर कष्ट निवारक अंजनि जाया।।

******************

0 Total Review

Leave Your Review Here

रचनाकार परिचय

प्रियंका दुबे 'प्रबोधिनी' 

ईमेल : priyaom@83gmail.com

निवास :

जन्मतिथि- 01 जनवरी, 1983
जन्मस्थान- चौरी-चौरा गोरखपुर 
शिक्षा- एम. ए., एम. एड्.
संप्रति- कवयित्री, लेखिका
प्रकाशन- साहित्यिक अवदान- साझा संकलन- शब्द-शब्द कस्तूरी, मेरी मां, अदिता, मेरा भारत महान, नदी चैतन्य हिंद धन्य, अभिनन्दन, नरेन्द्र मोदी मेरा अभिमान, मंदाकिनी इत्यादि
अनेक पत्र-पत्रिकाओं में कविता,कहानी, लघुकथा,आलेख इत्यादि 
प्रसारण- दूरदर्शन, रेडियो, सहित अनेक न्यूज चैनलों पर काव्य पाठ
सम्मान/पुरस्कार- आफलाइन एवं आनलाईन अनेकों साहित्यक सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त।
पता- सैनिक विहार सेक्टर -बी, म.न. डी-71(गेट संख्या-11) नियर एयरपोर्ट नन्दागर गोरखपुर 
मोबाइल-9810846082